श्री शनि महाराज आली का तीन दिवसीय वार्षिक मेला 16 अप्रैल, गुरुवार से
मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री शनि महाराज आली का तीन दिवसीय वार्षिक मेला 16 अप्रैल, गुरुवार से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू होगा। मेले में तीनों दिन भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

तीर्थस्थल की प्रबंध कार्यकारिणी कमेटी के सचिव कालू सिंह के अनुसार, मेला 16 अप्रैल गुरुवार को सुबह धार्मिक अनुष्ठानों और ध्वजारोहण के साथ प्रारंभ होगा।
मेले में तीनों ही दिन रात्रि को भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार रात को मेला ग्राउंड के रंगमंच पर विशाल भजन संध्या होगी। इसमें रात 8:30 बजे से 11 बजे तक महाकाल म्यूजिकल ग्रुप और हंसा रंगीली एंड पार्टी कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। भजन गायक धनराज कोशीधल के साथ विनेश छेला और मिस साया मेवाड़ी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रात 11 बजे के बाद न्यू राजस्थानी म्यूजिकल ग्रुप की ओर से प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा एंड पार्टी कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी।
शुक्रवार रात को न्यू चामुंडा म्यूजिकल ग्रुप और महाकाल ग्रुप कोटा की ओर से राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम होगा। इसमें कई धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। समीर सरगम कोटा, रमेश कुमावत, काजल मेहरा, कृष्णा भीलवाड़ा, कोमल रंगीली, पिंकी कोटा और मुस्कान कोटा जैसे कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
शनिवार को न्यू राजस्थानी म्यूजिकल ग्रुप की ओर से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक पूरण गुर्जर, तृषा सुधार (उदयपुर), तिलकेश सुधार (राजसमंद) भजन प्रस्तुत करेंगे। शालू नागौरी, पूजा राजस्थानी और सोनू सैनी भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन शनिवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा।
कमेटी अध्यक्ष नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तीर्थ स्थल पर मेलार्थियों और श्रद्धालुओं के लिए छाया, पानी, सुरक्षा और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। मेला ग्राउंड पर दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं और मनोरंजन के लिए झूले-चकरी आदि भी लगाए जा चुके हैं। बस स्टैंड से मंदिर परिसर तक आकर्षक लाइट डेकोरेशन किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है।तीर्थ स्थल पर 16सीसीटीवी कैमरों की मदद से नजर रखी जाएगी। कमेटी की ओर से 30 से अधिक सुरक्षा गार्ड व्यवस्था में लगेंगे। पुलिस का विशेष जाब्ता भी तैनात रहेगा।

